आतंकवादी लतीफ़ भट्ट को सुरक्षा बल को मार गिराया, अमित शाह ने की सराहना

अर्ली न्यूज़ नेटवर्क।
नई दिल्ली। कश्मीर में आतंकवाद के खिलाफ भारत की लड़ाई एक निर्णायक मुकाम की ओर बढ़ती दिखाई दे रही है। दक्षिण कश्मीर के कुलगाम में लश्कर-ए-तैयबा के कमांडर मोहम्मद लतीफ भट के मारे जाने के बाद सुरक्षा बलों ने जिस अंदाज में अपनी खुशी जाहिर की, वह आतंकवाद के खिलाफ अभियान में मिली बड़ी सफलता का प्रतीक है। हम आपको बता दें कि लतीफ भट को कश्मीर का आखिरी ज्ञात सक्रिय स्थानीय आतंकी बताया जा रहा था। उसके खात्मे के साथ आतंकवाद के स्थानीय नेटवर्क पर सुरक्षा बलों ने एक और बड़ा प्रहार किया है।
कुलगाम में आतंकियों के खिलाफ संयुक्त अभियान में भारतीय सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने शानदार तालमेल का प्रदर्शन किया। ऑपरेशन सफल होने के बाद जवानों के चेहरे पर जीत का उत्साह साफ दिखाई दिया। जवानों ने जश्न मनाकर यह संदेश दिया कि आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में उनका मनोबल ऊंचा है और आतंकियों को घाटी में पनाह देने की कोई गुंजाइश नहीं छोड़ी जाएगी।
हम आपको यह भी बता दें कि इस सफलता का उत्साह जम्मू में भी देखने को मिला। डोगरा फ्रंट के कार्यकर्ताओं ने लतीफ भट के मारे जाने पर जश्न मनाया और सुरक्षा बलों की कार्रवाई को आतंकवाद के खिलाफ बड़ी जीत बताया।
देखा जाये तो जम्मू-कश्मीर में लंबे समय से आतंकवाद का सामना कर रहे लोगों के लिए यह कार्रवाई सुरक्षा और शांति की उम्मीद को मजबूत करने वाली है। कश्मीर में आतंकियों की भर्ती पर लगाम, उनके नेटवर्क का लगातार कमजोर होना और सक्रिय आतंकियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुरक्षा एजेंसियों की रणनीति का परिणाम है। लतीफ भट का खात्मा आतंकवादी संगठनों के लिए साफ संदेश है कि हिंसा और आतंक के रास्ते पर चलने वालों के खिलाफ भारत की सुरक्षा व्यवस्था पूरी ताकत से खड़ी है। आतंकवाद के खिलाफ यह अभियान जारी है और सुरक्षा बलों की यह सफलता घाटी में शांति की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।







