अखिलेश यादव के रोडशो में 13 साल के एक लड़के की मौत

अर्ली न्यूज़ नेटवर्क।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बृहस्पतिवार को गोरखपुर में समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव के रोडशो के दौरान 13 साल के एक लड़के की मौत पर सपा की कड़ी आलोचना की। मुख्यमंत्री ने पार्टी को गुंडागर्दी और कानून-व्यवस्था की कमी का पर्याय बताया और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई का वादा किया। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा,‘‘किसी मासूम की हादसे में हुई मृत्यु से हम सब आहत हैं और परिजनों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट करते है और अपने लोगों से उस परिवार से मिलकर उनकी हर संभव सहायता करने के लिए कह चुके हैं।’’ गोरखपुर जिले के कैंपियरगंज में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आदित्यनाथ ने बुधवार की उस घटना का जिक्र किया, जिसमें स्थानीय भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता ओंकार सिंह के बेटे आर्यवर्धन को कथित तौर पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव के रोडशो में शामिल एक जेसीबी मशीन ने कुचल दिया था।
उन्होंने पूछा, ‘‘उस मासूम लड़के की क्या गलती थी, जो मुश्किल से 13 साल का था?’’ उन्होंने आरोप लगाया कि सपा ने उस बच्चे को अपने रोडशो का शिकार बना दिया। मुख्यमंत्री ने सपा को गुंडागर्दी, अराजकता, दंगों और कर्फ्यू का पर्याय बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि यह पार्टी माफिया तत्वों से जुड़ी हुई है और इसने बार-बार जनता को धोखा दिया है और उनका शोषण किया है।
सपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, ‘‘जैसे कुत्ते की पूंछ कभी सीधी नहीं हो सकती, वैसे ही इन गुंडों और माफियाओं को तब तक नहीं सुधारा जा सकता, जब तक कि उन्हें डंडे से सीधा न किया जाए।’’ आदित्यनाथ ने कहा कि उनकी सरकार ने गुंडागर्दी पर लगाम लगाई है और अब ऐसे तत्वों पर फिर से सख्ती बरतने की तैयारी कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक अच्छे स्कूल में पढ़ने वाला और अपने परिवार के साथ रहने वाला यह लड़का ‘‘बेहद क्रूर’’ तरीके से मारा गया। उन्होंने माफिया और गुंडागर्दी का समर्थन करने वाले उन लोगों की आलोचना की जिन्होंने इस घटना पर संवेदना तक नहीं जताई।
उन्होंने कहा, ‘‘मैं इस मासूम लड़के की मौत पर अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं। आज शाम मैं उसके परिवार से भी मिलूंगा और उनके प्रति अपनी सहानुभूति जताऊंगा।’’ मुख्यमंत्री ने बताया कि उन्होंने प्रशासन को निर्देश दिया है कि सड़कों पर अव्यवस्था फैलाने वालों की पहचान की जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि उन्हें सजा मिले। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में सड़कें इसलिए बनाई गई हैं ताकि आम जनता का आना-जाना आसान हो सके, न कि इसलिए कि सपा और कांग्रेस के कार्यकर्ता वहां हंगामा खड़ा करें।
उन्होंने कहा, ‘‘अच्छी सड़कें इसलिए नहीं बनाई गई हैं कि सपा और कांग्रेस के गुंडे आएं और अव्यवस्था फैलाएं। अगर कोई फिर से माफिया जैसा बर्ताव करने की कोशिश करेगा, तो ऐसे माफिया को कुचलने में कोई देरी नहीं की जाएगी।’’ आदित्यनाथ ने उन लोगों को भी चेतावनी दी जो जनसमर्थन पाने के लिए जबरन हंगामा खड़ा करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता ने ऐसे लोगों को बार-बार नकारा है और 2027 के चुनाव में भी वे ऐसा ही करने के लिए तैयार हैं।
उन्होंने कहा कि महिलाएं और लड़कियां आज बेखौफ होकर आ-जा सकती हैं, क्योंकि उन्हें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार पर भरोसा है कि वह उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि जो कोई भी गरीबों की जमीन पर कब्जा करेगा या महिलाओं की सुरक्षा से खिलवाड़ करेगा, उसे ‘‘या तो जेल जाना होगा या फिर नर्क’’, इसके अलावा कोई तीसरा विकल्प नहीं है। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने ‘एक्स’ पर कहा,‘‘किसी मासूम की हादसे में हुई मृत्यु से हम सब आहत हैं और उसके परिजनों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट करते है और अपने लोगों से उसके परिवार से मिलकर उनकी हर संभव सहायता करने के लिए कह चुके हैं।’’ उन्होंने कहा,‘‘इस दुर्भाग्यपूर्ण हादसे पर राजनीति करने वाले लोग याद रखें कि उन्होंने लखनऊ अग्निकांड में युवा मृतक की दुखी माँ के साथ कैसा दुर्व्यवहार करते हुए उन्हें धमकी दी थी।
शोक का नाटक करनेवालों का स्वांग जनता समझ चुकी है। बुधवार को गोरखपुर में किशोर की मौत के बाद उसके परिवार वालों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने गोरखपुर-देवरिया सड़क को जाम कर दिया और जेसीबी चालक तथा रोडशो के लिए मशीन का इंतजाम करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
लड़के के पिता की शिकायत पर बृहस्पतिवार को यहां के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) स्थित एक पुलिस थाने में 66 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई, जिनमें जेसीबी चालक और रोडशो में शामिल लोग भी शामिल हैं।







