नदी में गिरी बस, 8 यात्रियों की मौत और 25 घायल

अर्ली न्यूज़ नेटवर्क।
देहरादून। उत्तराखंड के टिहरी जिले में मंगलवार सुबह मुनि की रेती क्षेत्र के गूलर बाजार के समीप एक बस पुल से करीब 100 मीटर नीचे नदी में गिर गई जिससे उसमें सवार आठ यात्रियों की मौत हो गई और 25 अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। टिहरी के अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ), स्थानीय प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
उन्होंने बताया कि हादसे में सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और एक अन्य व्यक्ति ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। नेगी ने बताया कि हादसे में घायल 25 लोगों में से 18 को ऋषिकेश स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कराया गया है, जबकि शेष घायलों को ऋषिकेश के राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि हादसे का शिकार हुए लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। जब दुर्घटना हुई, उस समय बस हरिद्वार से जोशीमठ जा रही थी।






