SRMU में ‘मिस यूनिवर्स इंडिया-2026’ के लिए उत्तर प्रदेश राज्य स्तरीय ऑडिशन आयोजित

अर्ली न्यूज़ नेटवर्क।
लखनऊ। श्री रामस्वरूप मेमोरियल यूनिवर्सिटी (एसआरएमयू) के मिनी ऑडिटोरियम में गुरुवार को ‘मिस यूनिवर्स इंडिया 2026’ के उत्तर प्रदेश राज्य स्तरीय ऑडिशन का आयोजन बड़े ही धूमधाम और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। विश्वविद्यालय के फैशन सोसाइटी क्लब ‘रैज़मटैज़’ के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य प्रदेश की प्रतिभाशाली युवतियों को राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने का एक सुनहरा मंच प्रदान करना था। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के ऑडिशन में उत्तर प्रदेश सहित देशभर से 50 से अधिक होनहार प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) विजय तिवारी ने किया। इस अवसर पर यूनिवर्सिटी क्लब कोऑर्डिनेटर प्रो. (डॉ.) वीणा सिंह सहित विश्वविद्यालय के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। शुभारंभ के मौके पर अपने विचार व्यक्त करते हुए विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) विजय तिवारी ने कहा कि हमारा विश्वविद्यालय हमेशा से छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध रहा है। मिस यूनिवर्स इंडिया जैसे आयोजन न केवल उनकी प्रतिभा को निखारते हैं, बल्कि उन्हें आत्मविश्वास से भरकर वैश्विक मंचों के लिए तैयार करते हैं।

यह हमारे लिए गर्व की बात है कि एसआरएमयू इस तरह के राष्ट्रीय स्तर के आयोजन का हिस्सा बना। यूनिवर्सिटी क्लब कोऑर्डिनेटर प्रो. (डॉ.) वीणा सिंह एवं रैज़मटैज़ क्लब के फैकल्टी कोऑर्डिनेटर डॉ. रोहित सिंह ने संयुक्त रूप से बताया कि इस ऑडिशन का मुख्य उद्देश्य प्रतिभागियों के भीतर छिपी प्रतिभा को पहचानना और उन्हें सही मंच देना था। सभी प्रतिभागियों का उत्साह देखते ही बनता था। हम भविष्य में भी इस तरह के आयोजन करते रहेंगे, जो छात्राओं के व्यक्तित्व विकास में मील का पत्थर साबित होंगे। ऑडिशन के निर्णायक मंडल में शामिल रैज़मटैज़ क्लब के फैकल्टी कोऑर्डिनेटर डॉ. रोहित सिंह ने प्रतिभागियों का मूल्यांकन करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। प्रतियोगियों ने रैंप वॉक, व्यक्तित्व प्रदर्शन, ग्रूमिंग और प्रश्नोत्तर सत्र जैसे विभिन्न चरणों में अपनी सुंदरता, आत्मविश्वास और कला का शानदार प्रदर्शन किया। आयोजन को सफल बनाने में छात्र नेतृत्व की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। छात्र अध्यक्ष सार्थक श्रीवास्तव, सीनियर उपाध्यक्ष कुमार दिव्यांशु, उपाध्यक्ष श्रेया महेंद्र तथा क्लब कोऑर्डिनेटर आकांक्षा मिश्रा ने कार्यक्रम के सुचारू संचालन में अपना योगदान दिया। यह ऑडिशन मिस यूनिवर्स इंडिया की आधिकारिक चयन प्रक्रिया का हिस्सा था, जो विजेताओं को राज्य स्तर से होते हुए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने का अवसर प्रदान करेगा।







