Delhi Police संसद मार्ग कार्यालय पर Rahul Gandhi का धरना ,बोले,FIR होगी तभी हटेंगे बीजेपी ने कहा राहुल अराजकता फैला रहे हैं

अर्ली न्यूज़ नेटवर्क।
दिल्ली।21 अगस्त को कांग्रेस नेता और सदस्य पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन के बाहर जमा हुए। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी वहां धरने पर बैठे थे और उनके साथ साहिल भी थे, जो 20 जुलाई के विरोध प्रदर्शन के दौरान पैलेट गन के इस्तेमाल से कथित तौर पर घायल हुए थे। कांग्रेस सूत्रों ने पुष्टि की है कि राहुल गांधी तब तक विरोध जारी रखने का इरादा रखते हैं जब तक कि इस घटना के संबंध में एफआईआर (FIR) दर्ज नहीं हो जाती।
राहुल ने एक्स पर लिखा कि आज साहिल लोचब के साथ, उनके साथ हुई पुलिस बर्बरता के खिलाफ FIR दर्ज कराने संसद मार्ग के DCP कार्यालय पहुँचा। 20 जुलाई को जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे साहिल पर पुलिस ने पैलेट गन से हमला किया। छर्रों से बुरी तरह घायल साहिल की एक आँख की रौशनी खतरे में है। शांतिपूर्ण प्रदर्शन के खिलाफ ऐसी बर्बरता कोई कानूनी कार्रवाई नहीं, एक गंभीर अपराध है। इस क्रूरता के लिए न गृह मंत्री अमित शाह ने छात्रों को कोई सफाई दी, न प्रधानमंत्री ने उनसे माफ़ी मांगी।
उन्होंने लिखा कि अब जब साहिल न्याय के लिए FIR दर्ज कराना चाहता है तो वो भी नहीं करने दिया जा रहा। इस तरह संविधान और संवैधानिक अधिकारों को कुचला जा रहा है। अमित शाह जी, न्याय से इतना क्यों घबरा रहे हैं? ये डर दिखा रहा है कि आप अपना अपराध कबूल कर रहे हैं। FIR होगी। न्यायिक जाँच होगी। और ऊपर से नीचे तक जो भी इस बर्बरता के दोषी हैं, उन सभी पर कार्रवाई होगी। साहिल और उसके जैसे पीड़ित हर छात्र को न्याय दिलाकर रहेंगे।
इस बीच राहुल गांधी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन में शामिल लोगों पर पैलेट गन का इस्तेमाल करना एक गंभीर अपराध है। 20 जुलाई को जंतर-मंतर पर हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान साहिल लोचव को पैलेट गन से लगी कथित चोटों का ज़िक्र करते हुए, गांधी ने FIR दर्ज करने और इसके लिए ज़िम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय करने की मांग की। उन्होंने कहा कि उनकी आँख में चोट लगी है और उनके दिल के पास छर्रे लगे हैं।
गांधी ने कहा कि दिल्ली पुलिस ने माना है कि अपराध हुआ है और उन्होंने पुलिस से FIR दर्ज करने की अपील की। विरोध प्रदर्शन में मौजूद साहिल की माँ का ज़िक्र करते हुए गांधी ने कहा, उनकी माँ यहाँ रो रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस अधिकारी कह रहे थे कि उन्हें ऊपर से FIR दर्ज न करने के आदेश मिले हैं। गांधी ने कहा कि जब तक FIR दर्ज नहीं हो जाती, तब तक प्रदर्शनकारी वहाँ से नहीं हटेंगे।








