IND vs NZ Test: मुकाबला ड्रॉ, न्यूजीलैंड टॉप-2 से बाहर, भारत को प्रतिशत अंक में नुकसान

अर्ली न्यूज़ नेटवर्क।
नई दिल्ली। भारत बनाम न्यूजीलैंड पहला टेस्ट वेलिंगटन में खेला गया। यह मुकाबला ड्रॉ पर समाप्त हुआ जिससे दोनों टीमों को वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप पॉइंट्स टेबल में नुकसान हुआ है। न्यूजीलैंड टॉप-2 से बाहर हो गया है। जबकि भारत को प्रतिशत अंक में नुकसान हुआ है। चौथे दिन के अंत तक भारत ड्राइविंग सीट पर था, टीम इंडिया को आखिरी दिन जीत के लिए 8 विकेट की दराकर थी। किसी को उम्मीद नहीं थी कि न्यूजीलैंड यह टेस्ट मैच ड्रॉ करा पाएगा। पहले सेशन में भारत ने डेवोन कॉन्वे और रचिन रवींद्र के रूप में 2 विकेट भी चटकाए, मगर इसके बाद डेरिल मिचेल और ग्लेन फिलिप्स ने पिच पर ऐसा खूंटा गाढ़ा कि भारतीय गेंदबाजों के पास कोई जवाब नहीं था। न्यूजीलैंड ने दूसरी पारी में 5 विकेट ही खोए और 239 रन बनाए।
इंडिया वर्सेस न्यूजीलैंड वेलिंगटन टेस्ट ड्रॉ होने से मेजबान टीम लेटेस्ट WTC पॉइंट्स टेबल में दूसरे से तीसरे पायदान पर खिसक गया है। उनके खाते में अब 66.67 प्रतिशत अंक रह गए हैं। वहीं शुभमन गिल की अगुवाई वाली टीम इंडिया मैच ड्रॉ होने के बावजूद चौथे पायदान पर है। हालांकि भारत के प्रतिशत अंकों में घाटा हुआ है। भारत के खाते में अब 50 प्रतिशत अंक ही रह गए हैं। इस मैच के ड्रॉ होने से भारत की WTC फाइनल की उम्मीदों को बड़ा झटका लगा है। गत चैंपियन साउथ अफ्रीका पहले तो अब ऑस्ट्रेलिया दूसरे पायदान पर है।
11 साल बाद ऐसा हुआ है जब टीम इंडिया के लगातार दो टेस्ट मैच ड्रॉ हुए हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ वेलिंगटन में ड्रॉ टेस्ट खेलने से पहले भारतीय टीम ने श्रीलंका दौरे पर आखिरी मुकाबला ड्रॉ खेला था। टीम इंडिया के मौजूदा WTC साइकल में 3 मैच ड्रॉ हो चुके हैं।
टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम ने 368 रन बोर्ड पर लगाए। मैच की शुरुआत भारत के लिए शानदार रही थी। 70 रन पर भारत ने मेजबान टीम के 5 बल्लेबाज आउट कर दिए थे। मगर इसके बाद हेनरी निकल्स और ग्लेन फिलिप्स ने डबल सेंचुरी पार्टनरशिप कर टीम को मुश्किल से निकाला। निकल्स अंत तक 175 रन बनाकर नाबाद रहे, वहीं फिलिप्स ने 118 रन बनाए। इसके जवाब में भारत ने पहली पारी मं 720 रन बना दिए। टीम इंडिया ने 9 विकेट गिरने के बाद पारी घोषित की। केएल राहुल ने 136 तो ऋषभ पंत ने 128 रनों की पारी खेली। इसके अलावा यशस्वी जायसवाल, देवदत्त पडिक्कल, शुभमन गिल और ध्रुव जुरेल ने अर्धशतकीय पारी खेली।







