कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के बयान से बवाल, -माफी मांगें, नहीं तो प्रदर्शन- BJP

अर्ली न्यूज़ नेटवर्क।
दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता को लेकर की गई विवादित टिप्पणी पर घमासान छिड़ गया. खुद गृहमंत्री अमित शाह समेत कई नेताओं ने कांग्रेस अध्यक्ष को आड़े हाथों लिया. बीजेपी ने कांग्रेस से माफी की मांग की है और इसे मुद्दा बनाकर 26 अक्टूबर को देशभर में विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया है. यह विवाद ऐसे समय में छिड़ा है, जब 1 नवंबर को इंडिया गठबंधन दिल्ली के रामलीला मैदान में बड़ी रैली करने जा रही है.
पटना में बीजेपी ने कांग्रेस अध्यक्ष के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है. बीजेपी के नेता कृष्ण कल्लू ने अपने आवेदन में कहा है कि बापू सभागार में कार्यक्रम के दौरान मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता पर आपत्तिजनक टिप्पणी की जिससे हम सभी काफी आहत हैं.
खरगे ने पीएम मोदी पर की विवादित टिप्पणी
मल्लिकार्जुन खरगे ने पटना में बापू सभागर में एक सभा को संबोधित करते हुए कहा कि बंगाल, बिहार महाराष्ट्र हरियाणा की सरकार चोरी की है. इसी बीच हंगामा मच गया. तभी एक शख्स ने कहा कि मोदी कभी नहीं जाएगा, इस पर खरगे ने कहा, ‘मोदी का बाप भी जाएगा.’
अभद्र टिप्पणी सारी मर्यादाओं को तार-तार करती है- अमित शाह
खरगे के इस बयान पर गृहमंत्री अमित शाह ने एक लंबा चौड़ा पोस्ट किया है. इसमें कहा है कि पटना में मोदी जी के पिताजी पर कांग्रेस अध्यक्ष की अभद्र टिप्पणी सारी मर्यादाओं को तार-तार करती है. यह पहली बार नहीं है, जब कांग्रेस पार्टी ने मोदी जी या उनके परिवार को अपशब्द कहें हों. उन्होंने कहा है कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी हर रोज अभद्रता की सीमाएं पार कर सकती है.
पवन खेड़ा बोले- मोदी के ‘वैचारिक बाप’ पर दिया बयान
कांग्रेस संसद एवं प्रवक्ता पवन खेड़ा ने कहा है कि खरगे ने प्रधानमंत्री मोदी के वैचारिक बाप यानी संघ को लेकर बयान दिया है. उन्होंने कहा कि खरगे जी पर संघ और भाजपा के लोग यह बदतमीजी कर रहे हैं. पहले शुद्धिकरण जैसा घिनौना काम उत्तराखंड में किया, क्योंकि वो दलित समाज से आते हैं.
उन्होंने कहा, ‘जब बिहार में खरगे जी भाषण दे रहे थे, तब बीजेपी के एक बदतमीज कार्यकर्ता ने उनके भाषण में कहा कि मोदी नहीं जाएगा, तुम्हारा बाप भी आ जाए तो नहीं जाएगा. ऐसी भाषा एक वयोवृद्ध नेता के लिए उचित नहीं था. इस पर खरगे जी ने पलटकर जवाब दिया कि मोदी भी जाएगा, उसका बाप यानी कि उसका वैचारिक बाप यानी की संघ यानी की मोहन भागवत, इन सभी के दिन लद गए हैं और ये सीधा हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ बदतमीजी की जा रही है. देश माफ नहीं करेगा. देश देख रहा है.’





