यूपी PMS एसोसिएशन चुनाव 2026-27 : बदलाव और संगठनात्मक सुधार के एजेंडे के साथ मैदान में उतरे डॉ. मनीष कुमार श्रीवास्तव

अर्ली न्यूज़ नेटवर्क।
लखनऊ। डॉ0 मनीष कुमार श्रीवास्तव ने उत्तर प्रदेश प्रांतीय चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवा संघ (UP PMS Association) चुनाव 2026-27 में अध्यक्ष पद हेतु नामांकन दाखिल किया। पिछले लगभग चार वर्षों से डिजिटल स्तर पर चलाए जा रहे “PMS Reformation Movement” के माध्यम से उन्होंने प्रदेश भर के PMS चिकित्सकों के बीच संगठनात्मक सुधार, पारदर्शिता, लोकतांत्रिक व्यवस्था, युवा भागीदारी एवं चिकित्सक हितों के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।
डॉ. मनीष और उनकी टीम का कहना है कि PMS संगठन को अधिक मजबूत, सक्रिय और जवाबदेह बनाने के लिए स्पष्ट नीति, संरचना और कार्ययोजना की आवश्यकता है। इसी उद्देश्य से उनकी टीम ने संगठन के पुनर्गठन, वित्तीय पारदर्शिता, महिला एवं युवा सहभागिता, जिला स्तर तक मजबूत नेटवर्क तथा चिकित्सकों की समस्याओं के समाधान को लेकर विजन तैयार किया है।
डॉ. मनीष को शासन-प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली का भी अनुभव माना जाता है। योगी सरकार के प्रथम कार्यकाल के दौरान वे माननीय स्वास्थ्य मंत्री के साथ संबद्ध रह चुके हैं तथा बतौर OSD कार्य कर चुके हैं। माना जा रहा है कि शासन और प्रशासनिक तंत्र की उनकी समझ भविष्य में PMS चिकित्सकों के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने में सहायक हो सकती है।
उनकी टीम में वित्त सचिव पद हेतु डॉ0 हिमांशु प्रताप सिंह, जनरल सेक्रेटरी पद हेतु मथुरा से डॉ0 शशि रंजन, संपादक पद हेतु बलिया से डॉ0 पूजा सिंह, महिला उपाध्यक्ष पद हेतु डॉ0 स्वप्निल सिंह, उपाध्यक्ष पद हेतु बिजनौर से डॉ0 सर्वेश निराला एवं कन्नौज से डॉ0 दीपेंद्र अवस्थी ने नामांकन किया। वहीं शामली से आए डॉ0 तिलक सिंह ने अतिरिक्त महासचिव तथा डॉ0 दीपक कुमार सिंह, अधीक्षक CHC गुडम्बा, ने उपाध्यक्ष मुख्यालय पद हेतु नामांकन दाखिल किया।
नामांकन के अवसर पर उनके समर्थन में बड़ी संख्या में चिकित्सक एवं संवर्ग के अन्य लोग मौजूद रहे। इस दौरान डॉ0 अजय शंकर त्रिपाठी, डॉ0 नीरज शेखर, डॉ0 एस0 आर0 समद्दर तथा पैथोलॉजी विभाग के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ0 अरविन्द प्रसाद भी समर्थन देने पहुंचे।
विशेष बात यह रही कि नामांकन प्रक्रिया के बाद भी डॉ. मनीष अपनी चिकित्सकीय जिम्मेदारियों में सक्रिय रहे और बलरामपुर हॉस्पिटल की इमरजेंसी में रात्रि ड्यूटी भी करेंगे।






