फिल्म इंडस्ट्री के किंग खान यानी की शाहरुख खान शाह रुख खान का 61वां जन्मदिन

अर्ली न्यूज़ नेटवर्क।
मुंबई। बॉलीवुड के किंग खान यानी शाहरुख खान आज, 2 नवंबर को अपना 61वां जन्मदिन मना रहे हैं। फिल्म इंडस्ट्री में यह मुकाम हासिल करने के लिए अभिनेता ने काफी मेहनत और संघर्ष किया है। शाहरुख का फिल्मी करियर तीन दशक से भी ज्यादा लंबा हो चुका है, लेकिन आज भी उनके अंदर काम करने का जुनून और ऊर्जा पहले जैसी ही बरकरार है। उनके जन्मदिन के खास मौके पर आइए जानते हैं उनकी जिंदगी और फिल्मी सफर से जुड़ी कुछ दिलचस्प बातें।
शाहरुख खान का जन्म 2 नवंबर 1965 को दिल्ली में हुआ था। उनके पिता का नाम ताज मोहम्मद खान और मां का नाम लतीफ फातिमा खान था। अभिनेता के फिल्मी दुनिया में अपनी पहचान बनाने से पहले ही उनके माता-पिता का निधन हो गया था।
शाहरुख खान ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत छोटे पर्दे से की थी। साल 1989 में प्रसारित हुए टीवी शो ‘फौजी’ से उन्हें पहली बड़ी पहचान मिली। इस सीरियल को दर्शकों ने खूब पसंद किया था। इसके अलावा उन्होंने ‘उम्मीद’, ‘अहमक’, ‘दिल दरिया’, ‘दूसरा केवल’, ‘वागले की दुनिया’ और ‘सर्कस’ जैसे कई टेलीविजन शोज में भी अभिनय किया।
टीवी की दुनिया में करीब तीन से चार साल तक काम करने के बाद शाहरुख खान ने बॉलीवुड की ओर रुख किया। इस दौरान उन्हें अभिनेत्री हेमा मालिनी की फिल्म ‘दिल आशना है’ में काम करने का अवसर मिला। हालांकि, साल 1992 में रिलीज हुई फिल्म ‘दीवाना’ को उनकी डेब्यू फिल्म के तौर पर जाना जाता है। इस फिल्म में उन्होंने ऋषि कपूर और दिव्या भारती के साथ स्क्रीन साझा की थी। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफल रही और शाहरुख के अभिनय को भी दर्शकों की खूब सराहना मिली।
अपने लंबे करियर में शाहरुख खान ने कई ऐसी फिल्में भी दीं, जो बॉक्स ऑफिस पर खास प्रदर्शन नहीं कर पाईं। इसके बावजूद 90 का दशक काफी हद तक उनके नाम रहा। ‘दीवाना’ की सफलता के बाद उन्होंने ‘डर’, ‘करण अर्जुन’, ‘बाजीगर’, ‘दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे’, ‘परदेस’, ‘यस बॉस’, ‘कुछ कुछ होता है’ और ‘दिल तो पागल है’ जैसी फिल्मों में काम किया। इन फिल्मों ने उन्हें बॉलीवुड के बड़े सितारों की कतार में खड़ा कर दिया। खास तौर पर ‘करण अर्जुन’, ‘दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे’ और ‘कुछ कुछ होता है’ को उनके शुरुआती करियर की यादगार फिल्मों में गिना जाता है।
इसके बाद भी शाहरुख खान ने एक से बढ़कर एक सफल फिल्मों में अभिनय किया। ‘मोहब्बतें’, ‘कभी खुशी कभी गम’, ‘देवदास’, ‘वीर जारा’, ‘कल हो ना हो’, ‘मैं हूं ना’, ‘ओम शांति ओम’, ‘चक दे इंडिया’ और ‘रब ने बना दी जोड़ी’ जैसी फिल्मों के जरिए उन्होंने दर्शकों के दिलों में अपनी खास जगह बनाई।
आगे चलकर अभिनेता ‘जब तक है जान’, ‘दिलवाले’, ‘डॉन 2’, ‘चेन्नई एक्सप्रेस’, ‘हैप्पी न्यू ईयर’, ‘रईस’ और ‘डियर जिंदगी’ जैसी फिल्मों में भी नजर आए। हालांकि, साल 2018 में रिलीज हुई उनकी फिल्म ‘जीरो’ बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह असफल रही।
इसके बाद साल 2023 में शाहरुख खान ने फिल्म ‘पठान’ के साथ शानदार वापसी की। इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त प्रदर्शन किया। इसी साल सितंबर में रिलीज हुई उनकी फिल्म ‘जवान’ ने भी कमाई के कई रिकॉर्ड बनाए और एक बार फिर साबित कर दिया कि किंग खान का स्टारडम आज भी कायम है।
अब शाहरुख खान करीब तीन साल बाद फिल्म ‘किंग’ के जरिए बड़े पर्दे पर वापसी करने जा रहे हैं। यह फिल्म 24 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। ऐसे में उनके प्रशंसकों को इस फिल्म का बेसब्री से इंतजार है।






