Breaking
2027 में 2017 दोहराना है, हर विधानसभा में कमल खिलाना है- केशव प्रसाद मौर्ययूपी विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटी भाजपा, बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने की रणनीति तैयारभाजपा षडयंत्र करके विधान परिषद चुनाव जीतना चाहती थी- अखिलेशUP MLC Election Results 2026 Live: मेरठ-बरेली में बीजेपी की जीत, प्रधानमंत्री मोदी के क्षेत्र वाराणसी शिक्षक सीट पर सपा का कब्जाएमएलसी चुनाव- बैलेट से चुनाव होने पर भी कांग्रेस एक भी सीट नहीं जीत पाई- BJPMLC Election Results 2026 LIVE: UP की 4 सीटों पर जीती भाजपा , वाराणसी में सपा की जीत , पटना में JDU ने लहराया झंडायूपी विधान परिषद चुनाव 2026: काशी में ही भाजपा की हार, सपा जीती शिक्षक एमएलसी सीटअमित शाह मानहानि केस में राहुल गाँधी को सुल्तानपुर की MP MLA कोर्ट ने किया बरीकाँग्रेस की राजनीति का स्तर हर रोज़ गिर रहा है- राजनाथ सिंहबीजेपी को बड़ा झटका, सुतानपुर MP MLA कोर्ट ने राहुल गाँधी को किया बरी।
Breaking NewsMain slideराष्ट्रीय

यूपी विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटी भाजपा, बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने की रणनीति तैयार

धर्मपाल सिंह ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए संगठन को अभी से पूरी सक्रियता के साथ काम करना होगा। नवंबर और दिसंबर के दौरान विभिन्न संगठनात्मक कार्यक्रमों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा।

अर्ली न्यूज़ नेटवर्क।

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन की तैयारियों का विस्तृत रोडमैप प्रस्तुत किया। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपते हुए चुनावी अभियान को गति देने के निर्देश दिए।

धर्मपाल सिंह ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए संगठन को अभी से पूरी सक्रियता के साथ काम करना होगा। नवंबर और दिसंबर के दौरान विभिन्न संगठनात्मक कार्यक्रमों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि चुनावी रणनीति के तहत अधिक से अधिक मतदाताओं तक पहुंच बनाना, कार्यकर्ताओं का उचित नियोजन करना और बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करना प्रमुख लक्ष्य होंगे। इसके लिए जिला अध्यक्षों, जिला प्रभारियों और प्रदेश पदाधिकारियों के साथ बैठक कर कार्यक्रमों की समयसीमा और जिम्मेदारियां निर्धारित की जाएंगी।

उन्होंने बताया कि भाजपा प्रदेश के सभी छह संगठनात्मक क्षेत्रों में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत विशाल पदयात्राओं का आयोजन करेगी। प्रत्येक पदयात्रा में करीब 25 हजार या इससे अधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, तीन नवंबर को अवध क्षेत्र की पदयात्रा लखनऊ में आयोजित होगी, जिसमें केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसी दिन ब्रज क्षेत्र की पदयात्रा बरेली में निकाली जाएगी, जिसमें केंद्रीय मंत्री एवं पूर्व भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा शामिल होंगे। चार नवंबर को गोरखपुर क्षेत्र की पदयात्रा में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी मौजूद रहेंगे। इसी दिन प्रयागराज में काशी क्षेत्र की पदयात्रा में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और कानपुर क्षेत्र की पदयात्रा में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक शामिल होंगे। वहीं, पांच नवंबर को गाजियाबाद में पश्चिम क्षेत्र की पदयात्रा आयोजित की जाएगी, जिसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भाग लेंगे।

 

धर्मपाल सिंह ने संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने के लिए प्रदेश के सभी 1,918 मंडलों में 25-25 सक्रिय कार्यकर्ताओं की सूची तैयार करने के निर्देश दिए। मंडल की करीब 60 सदस्यीय कार्यकारिणी में से ऐसे कार्यकर्ताओं का चयन किया जाएगा, जो मंडल के सभी बूथों पर नियमित रूप से प्रवास कर संगठनात्मक गतिविधियों को आगे बढ़ा सकें। चयनित कार्यकर्ताओं के नाम और मोबाइल नंबर सहित पूरी जानकारी संकलित की जाएगी।

इसके साथ ही प्रत्येक बूथ पर पांच सक्रिय कार्यकर्ताओं की टीम गठित की जाएगी। विधानसभा प्रभारी और विधानसभा विस्तारक शक्ति केंद्रों पर प्रवास कर संगठन की मौजूदा स्थिति का आकलन और सत्यापन करेंगे। पार्टी के वर्तमान एवं पूर्व पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, सहकारिता क्षेत्र से जुड़े लोगों, विभिन्न मोर्चों और प्रकोष्ठों के कार्यकर्ताओं तथा दूसरे दलों से भाजपा में शामिल हुए कार्यकर्ताओं की सूची भी तैयार की जाएगी। उनकी क्षमता और अनुभव के आधार पर संगठनात्मक जिम्मेदारियां तय होंगी।

बैठक में सामाजिक चौपालों के आयोजन और पूर्व पदाधिकारियों को संगठन से दोबारा सक्रिय रूप से जोड़ने पर भी जोर दिया गया। धर्मपाल सिंह ने कहा कि तीन कार्यकाल तक पदाधिकारी रहे नेताओं की विधानसभा स्तर पर बैठकें आयोजित की जाएंगी। इन बैठकों में मंडल, जिला, क्षेत्र और प्रदेश स्तर के पूर्व पदाधिकारियों के साथ दो सत्रों में संवाद किया जाएगा और आगामी कार्ययोजना पर चर्चा होगी। इसके अलावा पूर्व ब्लॉक प्रमुखों, बीडीसी सदस्यों, जिला पंचायत सदस्यों, जिला पंचायत अध्यक्षों, पूर्व पार्षदों और अन्य पूर्व जनप्रतिनिधियों को भी संगठनात्मक गतिविधियों में शामिल किया जाएगा।

लाभार्थियों तक पहुंच बनाने के लिए पार्टी केंद्र और प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों से संपर्क अभियान चलाएगी। इसके लिए बूथ अध्यक्षों के माध्यम से योजनावार लाभार्थियों की सूची तैयार की जाएगी। धर्मपाल सिंह ने कार्यकर्ताओं को लाभार्थियों के साथ सहज और विनम्र व्यवहार करते हुए संवाद स्थापित करने की सलाह दी। अभियान के तहत घर-घर संपर्क, चाय पर चर्चा और मंडल एवं शक्ति केंद्र स्तर पर बैठकों का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा मठ-मंदिरों, संगठन विचार परिवार के कार्यकर्ताओं तथा धार्मिक और सामाजिक नेतृत्व से भी संपर्क स्थापित करने की योजना है।

युवा और महिला मतदाताओं को संगठन से जोड़ने के लिए भी विशेष रणनीति तैयार की गई है। इसके तहत बूथ स्तर पर छोटी बैठकें आयोजित होंगी। महिला मोर्चा के कार्यकर्ता महिला मतदाताओं के बीच जाकर सरकार की योजनाओं और स्थानीय मुद्दों पर संवाद करेंगे। वहीं, 18 से 21 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को जोड़ने के लिए प्रदेश में 200 स्थानों पर युवा सम्मेलनों का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा सभी मंडलों में नवमतदाता सम्मेलन भी होंगे, जिनके लिए संयोजक और आयोजन की तिथियां तय की जाएंगी।

किसानों और व्यापारियों के बीच संपर्क बढ़ाने के लिए किसान संपर्क अभियान, किसान चौपाल और सहकारी समितियों के सदस्यों के साथ सहभोज जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वहीं, छोटे और सूक्ष्म कारोबारियों को जोड़ने के लिए पार्टी विशेष संपर्क अभियान चलाएगी। इसके माध्यम से कारोबारियों के साथ नियमित संवाद और बैठकें की जाएंगी।

धर्मपाल सिंह ने बताया कि चुनावी तैयारियों में महापौर, जिला पंचायत अध्यक्ष, राज्यसभा सांसद, विधान परिषद सदस्य, सांसद, विधायक, वर्ष 2022 के विधानसभा प्रत्याशियों और वर्ष 2024 के लोकसभा प्रत्याशियों की भूमिका भी तय की जाएगी। इसके अलावा क्षेत्रीय स्तर पर पार्षदों, नगर निकाय अध्यक्षों और अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ बैठकें आयोजित कर उन्हें चुनावी अभियान से जोड़ा जाएगा।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, दोनों उपमुख्यमंत्रियों और प्रदेश अध्यक्ष के प्रस्तावित दौरों एवं जनसभाओं को लेकर भी विस्तृत कार्यक्रम तैयार किया जा रहा है। राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय गृहमंत्री के प्रवास के दौरान होने वाली बैठकों के साथ-साथ मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्रियों और प्रदेश अध्यक्ष के कार्यक्रमों की जिम्मेदारियां भी निर्धारित की जाएंगी।

धर्मपाल सिंह ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में बेहतर परिणाम हासिल करने के लिए संगठन का बूथ स्तर तक सक्रिय और मजबूत होना आवश्यक है। इसके लिए प्रत्येक कार्यकर्ता और पदाधिकारी की क्षमता के अनुरूप जिम्मेदारी तय की जाएगी, ताकि अधिक से अधिक मतदाताओं तक पहुंच बनाई जा सके। उन्होंने नवंबर और दिसंबर में प्रस्तावित सभी संगठनात्मक कार्यक्रमों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के लिए बैठक के तुरंत बाद तैयारियां शुरू करने पर जोर दिया।

Related Articles

Back to top button