Breaking
2027 में 2017 दोहराना है, हर विधानसभा में कमल खिलाना है- केशव प्रसाद मौर्ययूपी विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटी भाजपा, बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने की रणनीति तैयारभाजपा षडयंत्र करके विधान परिषद चुनाव जीतना चाहती थी- अखिलेशUP MLC Election Results 2026 Live: मेरठ-बरेली में बीजेपी की जीत, प्रधानमंत्री मोदी के क्षेत्र वाराणसी शिक्षक सीट पर सपा का कब्जाएमएलसी चुनाव- बैलेट से चुनाव होने पर भी कांग्रेस एक भी सीट नहीं जीत पाई- BJPMLC Election Results 2026 LIVE: UP की 4 सीटों पर जीती भाजपा , वाराणसी में सपा की जीत , पटना में JDU ने लहराया झंडायूपी विधान परिषद चुनाव 2026: काशी में ही भाजपा की हार, सपा जीती शिक्षक एमएलसी सीटअमित शाह मानहानि केस में राहुल गाँधी को सुल्तानपुर की MP MLA कोर्ट ने किया बरीकाँग्रेस की राजनीति का स्तर हर रोज़ गिर रहा है- राजनाथ सिंहबीजेपी को बड़ा झटका, सुतानपुर MP MLA कोर्ट ने राहुल गाँधी को किया बरी।
Breaking NewsMain slideराष्ट्रीय

2027 में 2017 दोहराना है, हर विधानसभा में कमल खिलाना है- केशव प्रसाद मौर्य

अर्ली न्यूज़ नेटवर्क।

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में राजनीतिक प्रस्ताव प्रस्तुत करते हुए कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा वर्ष 2017 की ऐतिहासिक जीत दोहराते हुए लगातार तीसरी बार प्रचंड बहुमत की सरकार बनाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से 325 से 350 सीटें जीतने का लक्ष्य निर्धारित कर व्यक्तिगत आकांक्षाओं और आपसी मतभेदों से ऊपर उठकर चुनावी तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।

श्री मौर्य ने कहा, “जाइए, सब कुछ भूल, हर विधानसभा में खिलाइए कमल का फूल। टिकट चाहे जिसे मिले, कमल का फूल जरूर खिले।” उन्होंने कहा कि टिकट की अपेक्षा करना कार्यकर्ताओं की स्वाभाविक आकांक्षा है, लेकिन संगठन की जीत सर्वोपरि होनी चाहिए। सांसदों, विधायकों, जनप्रतिनिधियों और संगठन के पदाधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय तथा बूथ स्तर तक एकजुटता ही चुनाव में सफलता का आधार बनेगी। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं से हाथ उठवाकर भाजपा की जीत का संकल्प भी दिलाया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में 25 वर्षों के नेतृत्व का उल्लेख करते हुए मौर्य ने कहा कि उनके मार्गदर्शन में गरीब कल्याण, महिला सशक्तीकरण, किसान समृद्धि, युवा उत्थान, राष्ट्रीय सुरक्षा और आर्थिक विकास को नई दिशा मिली है। विकसित भारत 2047 के संकल्प को पूरा करने में विकसित उत्तर प्रदेश की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।

समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए मौर्य ने कहा कि “सपा समाजवादी नहीं, परिवारवादी पार्टी है। भाजपा सबका साथ, सबका विकास की राजनीति करती है, जबकि सपा की राजनीति परिवार के हितों तक सीमित है।” उन्होंने आरोप लगाया कि सपा का पीडीए नारा पिछड़ों, दलितों और वंचितों के सशक्तीकरण के बजाय परिवारवाद की राजनीति का माध्यम बन गया है।

उन्होंने कहा कि सपा शासनकाल में अपराधियों और माफियाओं को संरक्षण मिलता था, जबकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश की कानून-व्यवस्था मजबूत हुई है। रामभक्तों पर गोलीबारी की घटनाओं और अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर के निर्माण का उल्लेख करते हुए उन्होंने दोनों दलों की राजनीतिक विचारधाराओं के अंतर को रेखांकित किया। साथ ही पारदर्शी भर्तियों, बेहतर सुरक्षा व्यवस्था और विकास कार्यों को भाजपा सरकार की उपलब्धियां बताया।

मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, निःशुल्क राशन और आयुष्मान भारत जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं से गरीब परिवारों के जीवन में बदलाव आया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे जनता के बीच जाकर वर्ष 2014 से पहले के भारत और वर्ष 2017 से पहले के उत्तर प्रदेश की स्थिति की तुलना वर्तमान विकास कार्यों से करें।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव के बाद विपक्ष के दावों के विपरीत हरियाणा, महाराष्ट्र और दिल्ली के विधानसभा चुनावों में भाजपा और उसके सहयोगी दलों की सफलता ने जनता के विश्वास को प्रमाणित किया है। विपक्ष की ओर से चुनावी जनादेश और संवैधानिक संस्थाओं पर उठाए जा रहे सवालों को उन्होंने भ्रम फैलाने का प्रयास बताया।

श्री मौर्य ने कहा कि भाजपा जनसेवा, सुशासन, पारदर्शिता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्ध है। “2027 में 2017 दोहराना है, हर विधानसभा में कमल खिलाना है” का नारा देते हुए उन्होंने राजनीतिक प्रस्ताव प्रदेश कार्यसमिति के समक्ष विचार और अनुमोदन के लिए प्रस्तुत किया।

Related Articles

Back to top button